जबलपुर, (ईएमएस)। कुण्डम एसडीएम सुश्री प्रगति गणवीर की अध्यक्षता में शुक्रवार को राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस के गरिमामय अवसर पर ग्राम पंचायत कुंडेश्वरधाम के झंडा चौक स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में लोकतंत्र की जमीनी इकाई को सुदृढ़ करने और ग्रामीण विकास पर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम के दौरान एसडीएम ने सीधे तौर पर ग्राम वासियों की समस्याओं और शिकायतों को सुना तथा मौके पर उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर और जल्द से जल्द निराकरण करने के कड़े निर्देश दिए। ग्राम सभा के दौरान आगामी 1 मई से 30 मई तक चलने वाली जनगणना के महत्वपूर्ण अभियान को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत कुण्डम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अशोक मरावी, पीएचई विभाग के एसडीओ सीताराम गुप्ता, सरपंच अर्चना साहू, सचिव गेंद सिंह, सहायक सचिव सचिन साहू और पंच सुमन चंदेल, ललिता बर्मन, गोलू जैन, मदन मंदे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण लोग उपस्थित रहे। - 24 अप्रैल 2026/ 06.25