- एरोड्रम कमेटी की उच्च स्तरीय बैठक जबलपुर, (ईएमएस)। जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर आज सुरक्षा और आपातकालीन प्रबंधन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने की। एरोड्रम कमेटी की इस उच्च स्तरीय बैठक में एयरपोर्ट डायरेक्टर सहित समिति के सभी सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में होने वाले किसी भी प्रकार के अवैधानिक हस्तक्षेप को रोकना और सुरक्षा व्यवस्थाओं को अभेद्य बनाना रहा। इस दौरान एयरपोर्ट सुरक्षा से जुड़े विभिन्न उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई और यह सुनिश्चित किया गया कि किसी भी अवांछित घटना की स्थिति में जिला प्रशासन और एयरपोर्ट अथॉरिटी के बीच त्वरित समन्वय स्थापित रहे, ताकि तत्काल प्रभाव से आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा सके। उड्डयन सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत नागरिक सुरक्षा और हाईजैकिंग जैसे गंभीर घटनाक्रमों के प्रबंधन के लिए गठित चार प्रमुख समितियों में से एरोड्रम कमेटी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बैठक में इस बात पर बल दिया गया कि यदि भविष्य में कभी भी ऐसी कोई आपातकालीन स्थिति निर्मित होती है, तो एटीसी से सूचना प्राप्त होते ही यह कमेटी बिना किसी विलंब के सक्रिय हो जाएगी। कलेक्टर श्री सिंह ने सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि ऐसी परिस्थितियों में नागरिक सुरक्षा, त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य अनिवार्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना प्राथमिकता रहेगी। यह समिति संकट के समय जिला प्रशासन और उड्डयन विभाग के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य करेगी, जिससे यात्रियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को हर हाल में बरकरार रखा जा सके। - 24 अप्रैल 2026/ 06.24