क्षेत्रीय
24-Apr-2026
...


- समस्याओं का मौके पर समाधान, उत्कृष्ट छात्रों का भी किया सम्मान राजगढ़ (ईएमएस)l जिले में सुशासन को गांव-गांव तक सशक्त रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा खिलचीपुर विकासखंड के ग्राम दोलाज में रात्रि चौपाल आयोजित की गई। खुले आसमान के नीचे आयोजित इस चौपाल में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने ग्रामीणों, किसानों एवं हितग्राहियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। चौपाल के दौरान कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लें तथा किसी भी समस्या की जानकारी बिना संकोच प्रशासन तक पहुंचाएं। किसानों से चर्चा करते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने नरवाई न जलाने के लिए ग्रामीणों की सराहना की और कहा कि गांव में इस प्रकार का एक भी प्रकरण सामने न आना सराहनीय पहल है। उन्होंने इसे पर्यावरण संरक्षण और मृदा उर्वरता के प्रति जागरूकता का सकारात्मक उदाहरण बताया। साथ ही किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए दीर्घकालीन लाभों की जानकारी दी। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने ग्राम के मेधावी छात्र-छात्राओं, जिन्होंने कक्षा 8वीं, 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए हैं, को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही विकास का आधार है और ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों से जिले का भविष्य उज्ज्वल होगा। जल संरक्षण पर बल देते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने “हर घर नल से जल” योजना के अंतर्गत जल के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि जल की प्रत्येक बूंद अमूल्य है, अतः इसके संरक्षण में जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। इस हेतु नलों में टोटी लगाने एवं व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने नामांतरण, बंटवारा एवं अन्य लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। ग्रामीणों द्वारा गौशाला हेतु भूमि की मांग पर उन्होंने संवेदनशीलता दिखाते हुए एक हेक्टेयर भूमि आवंटित करने के निर्देश मौके पर ही तहसीलदार को प्रदान किए, जिससे ग्रामीणों में संतोष एवं उत्साह का वातावरण बना। चौपाल में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद कर पेंशन, पेयजल, आवास एवं अन्य योजनाओं के लाभ की स्थिति की जानकारी ली। बुजुर्ग हितग्राहियों से विशेष रूप से चर्चा कर उन्हें समय पर लाभ मिलने की पुष्टि की गई। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रात्रि चौपाल के माध्यम से उनकी समस्याओं को सीधे सुना जा रहा है और त्वरित निराकरण हो रहा है, जिससे शासन के प्रति विश्वास और सुदृढ़ हुआ है। इस अवसर पर मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, तहसीलदार खिलचीपुर श्री अनिल शर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, नायब तहसीलदार, ग्राम पंचायत सरपंच सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। - ईएमएस / 24/4/2026