- स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत को परखा जबलपुर, (ईएमएस)। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने शुक्रवार को सेठ गोविंददास विक्टोरिया जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर संबंधित चिकित्सकों से उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली और उपचाराधीन मरीजों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने टाइप-1 डायबिटीज समर्पित साप्ताहिक फॉलोअप क्लीनिक का अवलोकन किया। उन्होंने पाया कि प्रत्येक शुक्रवार को ओपीडी नंबर 9 में सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक संचालित होने वाला यह क्लीनिक जिले के गंभीर मधुमेह रोगियों के लिए जीवन रक्षक सिद्ध हो रहा है। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि एक ही छत के नीचे विशेषज्ञ परामर्श, गहन उपचार और मधुमेह शिक्षा उपलब्ध होने से मरीजों को काफी राहत मिल रही है। इस व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी मरीजों को पूरे महीने के लिए नि:शुल्क इंसुलिन, सीरिंज, ग्लूकोमीटर और 100 स्ट्रिप्स की उपलब्धता सुनिश्चित करना है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर पड़ने वाला वित्तीय बोझ पूरी तरह समाप्त हो गया है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मरीजों के ब्लड शुगर रिकॉर्ड के आधार पर उनकी खुराक का सटीक समायोजन निरंतर जारी रहे और किसी भी आपात स्थिति या जटिलता की पहचान होने पर उन्हें तत्काल बेहतर मेडिकल सुविधा सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने इस दौरान मधुमेह पीडि़तों को माय टी1डी किट भी प्रदान की। - 24 अप्रैल 2026/ 06.22