- फुटेज के आधार पर आरोपियो की तलाश में जुटी पुलिस - हाई सिक्योरिटी जोन इलाके में 15 दिन में दूसरी बड़ी वारदात भोपाल(ईएमएस)। शहर के श्यामलाहिल्स थाना इलाके में बुधवार देर रात बिना नंबर की बाइक से आये अज्ञात नकाबपेश बदमाशो ने एक युवक के घर के बाहर हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाते हुए फरार हो गये। बताया गया है कि बदमाशो ने पहले युवक के घर जाकर उसका नाम लेकर चिल्लाचोट की और कुछ देर बाद दो राउंड हवाई फायरिंग कर भाग गये। जिस युवक का नाम लेकर फायरिंग की गई थी। उसका एक बदमाश से कुछ दिनों से विवाद चल रहा था, वारदात से कुछ देर पहले ही वह बदमाश और युवक श्यामलाहिल्स थाने से समझौता करके निकले थे। पीड़ित युवक ने उसी बदमाश पर फायरिंग करने या अपने किसी गुर्गे से करवाने का संदेह जताया है। पुलिस को मौके से चली हुई गोली एक खोल बरामद हुआ है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आगे की जॉच शुरु कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार श्यामलाहिल्स थाना क्षेत्र में रहने वाला राजकुमार राजपूत प्राईवेट नौकरी करता है। राजकुमार की मां शारदा बाई राजपूत पति स्वर्गीय दयाराम राजपूत (55) किलोल पार्क के पास पेट्रोल पंप की पीछे की बस्ती में रहती है, हालांकि लगभग चार साल से राजकुमार अपनी मॉ से अलग रह रहा है। कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाले आकाश बाथम से किसी बात को लेकर राजकुमार का कुछ दिनो पहले विवाद हो गया था। इसके बाद आकाश और उसके साथी राजकुमार को तलाशते हुए उसकी मां के घर भी जा रहे थे। इसकी शिकायत शारदा बाई ने श्यामलाहिल्स थाने में की जिसके बाद थाना पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने तलब किया। बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे तक आकाश और राजकुमार थाने में ही मौजूद रहे और एक दूसरे से समझौता किया। थाने से निकलकर राजकुमार अपने घर पहुंचा, कुद देर बाद ही उसके घर के बाहर बाईक सवार बदमाश आये और उसका नाम लेकर हवाई फायर कर दिए। गोली चलने की सूचना मिलने पर पहुचीं पुलिस को घर के बाहर से गोली का एक खोखा मिला है। पुलिस का कहना है कि छानबीन के दौरान सीसीटीवी कैमरे में बिना नंबर की बाइक पर आये दो नकाबपोश बदमाशो के फुटेज मिले है, जिसके आधार पर पुलिस टीम उनकी तलाश में जुटी है। - हाई सिक्योरिटी जोन वाले इलाके में 15 दिन में दूसरी बड़ी वारदात गोलीकांड का घटनास्थल सीएम हाउस के नजदीक है। और इस हाई सिक्योरिटी जोन वाले इलाके में 15 दिन के भीतर यह दूसरी गंभीर वारदात हुई है। इससे पहले 10 अप्रैल को डाक्टर मनोज वर्मा से लूटपाट की घटना हुई थी। जुनेद / 24 अप्रैल