भोपाल(ईएमएस)। ऐशबाग पुलिस ने ईंटखेड़ी थाना इलाके में हुए गोलीकांड और ऐशबाग क्षेत्र में गोकशी के मामले में फरार चल रहे 5 हजार के इनामी बदमाश को लोडेड पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। बदमाश के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। थाना पुलिस के अनुसार कम्मू का बाग में रहने वाला गुराज उर्फ शारिक खान पिता जाहिद खान (32) थाने का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। उसके खिलाफ ईंटखेड़ी में गोली चलाने के मामले सहित शहर के अलग-अलग थानो में दर्जन भर से अधिक अपराधिक प्रकरण दर्ज है। इसके अलावा गोकशी के मामले में वह करीब सालभर से फरार चल रहा था। बीते दिन टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि वह किसी वारदात को अंजाम देने की नियत से जानलेवा हथियार लेकर सोनिया गांधी कॉलोनी में घूम रहा है। खबर मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर पुलिस को उसके पास से एक पिस्टल और कारतूस मिला। - ईंटखेड़ी इलाके में शादी से लौट रहे दंपती पर चलाई थी गोलियां थाना पुलिस के अनुसार 18 अगस्त, 2025 को दर्ज गोकशी के मामले में आरोपी रुसी खॉन और जब्बार को पूर्व में गिरफ्तार किया गया था। वहीं गुराज और अमन फरार चल रहे थे। उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित था। कम्मू का बाग में रहने वाले गुराज उर्फ शारिक खान के घर पर रिमशा और उसके बदमाश पति दानिश अली ने एक महीना पहले गोली चलाकर सनसनी फैला दी थी। दरअसल, दिसंबर 2025 में गुराज उर्फ शारिक खान ने अपने साथियो के साथ मिलकर दानिश और उसके पति पर ईटखेड़ी इलाके में शादी समारोह से लौटते समय गोलियां चलाई थी। इस घटना में दानिश के पैर और पेट में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था, वहीं उसकी पत्नी रिमशा के हाथ में चाकू लगा था। हमले का मास्टर माइंड रूसी स्टेशन था। उसी के इशारे पर गुराज और साथियों ने वारदात को अंजाम दिया था। ईटखेड़ी में दर्ज इस मामले में भी गुराज उर्फ शारिक खान फरार चल रहा था। दोनों थानों की पुलिस ने उस पर ईनाम घोषित कर रखा था। जुनेद / 24 अप्रैल