धनबाद (ईएमएस)। झारखंड के धनबाद जिले के बाघमारा इलाके में टंडाबाड़ी बस्ती में शुक्रवार देर शाम जमीन धंसने से करीब 10 घर धरती के गर्भ में समा गए। इस आपदा में 4 लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। एक मोटरबाइक भी धंस गई, जबकि एक मारुति कार मलबे में फंस गई। तेज धमाके जैसी आवाज के साथ हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग घरों से भागे और जान बचाई। वहीं बताया जा रहा है कि यहां करीब 100 घरों पर धसान की वजह से खतरा मंडरा रहा है। घायलों को स्थानीय लोगों ने मलबे से खींचकर असर्फी अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल को विशेष इलाज के लिए भर्ती किया गया है। सूचना मिलते ही धनबाद जिला प्रशासन और भारत कोकिंग कोल लिमिटेड के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया। हालांकि, पीड़ितों में प्रशासन और बीसीसीएल के खिलाफ भारी नाराजगी है। यह हादसा ओपन कास्ट कोयला खदानों के आसपास की बस्तियों में बार-बार हो रही भू-धसान की त्रासदी का हिस्सा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, सही तरीके से खनन ना करना , अत्यधिक कोयला उत्खनन और कमजोर भूमि संरचना से भूगर्भ में खालीपन पैदा हो रहा है, जिससे भू-धसान तेजी से हो रहे हैं। यहां लगातार जहरीली गैसें रिस रही हैं, जो सांस की बीमारियां फैला रही हैं। जिला प्रशासन और बीसीसीएल ने कई बार लोगों को खतरे वाले इलाके से हटने की अपील की है, लेकिन बस्तीवासी अपना घर-दुकान छोड़ने को तैयार नहीं। नतीजा—जान पर खेलकर रहना पड़ रहा है। पीड़ितों ने अब प्रशासन से सुरक्षित जगह पर घर और मुआवजा देने की मांग की है। सुबोध/२४ -०४-२०२६