राष्ट्रीय
24-Apr-2026


हजारीबाग (ईएमएस)। झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में दिनदहाड़े बड़ी लूट की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है। शुक्रवार को अज्ञात अपराधियों ने बैंक में घुसकर हथियार के बल पर कर्मचारियों को बंधक बना लिया और लॉकर खुलवाकर भारी मात्रा में सोना और नकदी लूटकर फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अपराधी करीब 3 किलो सोना और लगभग 4 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। हालांकि कुछ सूत्रों के अनुसार लूटे गए सोने की कीमत करीब 5 करोड़ रुपये तक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि इस वारदात को चार अपराधियों ने अंजाम दिया। सभी अपराधियों ने अपने चेहरे छिपा रखे थे। किसी ने हेलमेट पहना था, तो किसी ने मास्क और गमछा बांध रखा था। उनके हाथों में देशी हथियार थे, जिनके बल पर उन्होंने बैंक कर्मचारियों को डराकर अपने कब्जे में ले लिया। सुबोध/२४ -०४-२०२६