जम्मू (ईएमएस)। भारतीय रेलवे ने जम्मू-कश्मीर की चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों और अत्यधिक ठंड को देखते हुए, विशेष रूप से डिजाइन की गई वंदे भारत ट्रेन जम्मू - श्रीनगर रेल खंड के लिए पेश की है। यह ट्रेन न केवल अपनी सिग्नेचर सेमी-हाई-स्पीड गति को बरकरार रखती है, बल्कि इसमें पहली बार ऐसी विंटराइजेशन (शीतकालीन) तकनीक का उपयोग किया गया है जो इसे शून्य से नीचे के तापमान में भी सुचारू रूप से चलाने में सक्षम बनाती है। जम्मू-कश्मीर के बर्फीले मौसम को देखते हुए इस वंदे भारत एक्सप्रेस में कई अत्याधुनिक हीटिंग सिस्टम जोड़े गए हैं। भारतीय रेलवे में पहली बार, पानी की पाइपलाइनों को जमने से बचाने के लिए सेल्फ-रेगुलेटिंग हीटिंग केबल का उपयोग किया गया है। ये केबल बाहरी तापमान के अनुसार अपनी गर्मी को घटा या बढ़ा सकते हैं। पानी के टैंकों में 1800वाट के सिलिकॉन हीटिंग पैड लगाए गए हैं। साथ ही, बायो-टैंकों और सहायक टैंकों में भी विशेष हीटिंग व्यवस्था की गई है ताकि स्वच्छता प्रणाली प्रभावित न हो। सुबोध/२४ -०४-२०२६