बलरामपुर (ईएमएस)। जिले के वाड्रफनगर-रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में स्कूल जा रही दो शिक्षिकाएं ट्रक की चपेट में आ गईं। हादसे में स्कूटी सवार एक शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी शिक्षिका रजनी केवट गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, दोनों शिक्षिकाएं करमडीहा स्कूल के लिए स्कूटी से जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक शिक्षिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल शिक्षिका को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से वाड्रफनगर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की खबर मिलते ही स्कूल स्टाफ और परिजनों में शोक का माहौल है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और उन्होंने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण तथा सड़क सुरक्षा के कड़े उपाय करने की मांग की है। - (ईएमएस) 25 अप्रैल 2026