रायपुर (ईएमएस)। राजधानी में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाने वाले कथित मास्टरमाइंड बाबू उर्फ गुलशन खेमानी के ठिकानों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों की संपत्ति का खुलासा किया है। गंज थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की करीब 10 टीमों ने आमानाका स्थित मारुति एनक्लेव स्थित उसके मकान पर छापेमारी की। छापे के दौरान पुलिस को घर से 5 महंगी कारें बरामद हुईं, जिनमें बीएमडब्ल्यू और क्रेटा जैसी गाड़ियां शामिल हैं। इसके अलावा जांच में शहर में कई अन्य संपत्तियों की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, रविभवन में मोबाइल दुकान, जोरापारा में गोदाम और महासमुंद-बागबाहरा मेन रोड पर करीब 1 एकड़ जमीन आरोपी और उसके परिवार के नाम पर दर्ज है। कार्रवाई के दौरान घर में बाबू खेमानी, उसके भाई करण खेमानी की पत्नियां और उनकी मां मौजूद थीं। पुलिस ने अब बाबू, करण और उनके पिता के बैंक खातों के लेन-देन की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि दोनों भाई ऑनलाइन सट्टा संचालन के लिए 50 से अधिक आईडी का इस्तेमाल करते थे और म्यूल अकाउंट के जरिए पैसों का लेन-देन करते थे। बताया जा रहा है कि बाबू खेमानी पहले ‘महादेव बुक’ ऐप से जुड़ा था, लेकिन बाद में उसने अपना अलग नेटवर्क तैयार कर लिया। गौरतलब है कि इससे पहले कबीर नगर क्षेत्र में सट्टे पर हुई कार्रवाई के दौरान इस बड़े रैकेट का सुराग मिला था, जिसमें उसका चचेरा भाई भी गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। - (ईएमएस) 25 अप्रैल 2026