क्षेत्रीय
25-Apr-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत संचालित राशन दुकानों में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। शिकायत है कि कई दुकानों में हितग्राहियों को निर्धारित चावल देने के बजाय नकद लेने के लिए मजबूर किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, कामरेड सुधीर मुखर्जी वार्ड और लालपुर (एमएमआई अस्पताल के पास) स्थित राशन दुकानों में इस तरह की गड़बड़ी की शिकायत मिली है। दोनों दुकानों का संचालन एक ही संचालक के नाम पर बताया जा रहा है। हितग्राहियों का आरोप है कि दुकानों में खुलेआम कहा जा रहा है कि “चावल नहीं मिलेगा, पैसा लेना हो तो ले लो”, जिससे गरीब परिवारों को उनके अधिकार से वंचित होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ राशन दुकानदारों ने आपसी तालमेल से चावल का एक तय रेट बना लिया है। बाजार में जहां चावल 30–35 रुपये किलो बिक रहा है, वहीं गरीबों से करीब 20 रुपये किलो के हिसाब से नकद देकर उनका राशन वापस लिया जा रहा है। कई मामलों में तीन महीने के राशन में से सिर्फ दो महीने का चावल दिया जा रहा है और एक महीने का पैसा थमा दिया जाता है। इधर, धमतरी जिले के कुरुद ब्लॉक से भी राशन आपूर्ति बाधित होने की शिकायत सामने आई है। लोगों का कहना है कि कई दिनों से राशन नहीं मिल रहा और लगातार तारीख दी जा रही है, जिससे मजदूर वर्ग के सामने संकट की स्थिति बनती जा रही है। मामले को लेकर अब खाद्य विभाग और शासन से सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है, ताकि पात्र हितग्राहियों को उनका पूरा राशन मिल सके और इस तरह की अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके। - (ईएमएस) 25 अप्रैल 2026