नई दिल्ली (ईएमएस)। लक्ष्मी नगर के रमेश पार्क इलाके में शुक्रवार देर रात आग लग गई। नानक मोटर के पास लगी इस आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल को सात गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। दमकल विभाग के अनुसार आग एक इलेक्ट्रिक ट्रांसफॉर्मर में लगी, जो धीरे-धीरे फैलकर आसपास की तीन इमारतों तक पहुंच गई। आग की चपेट में कुल 14 फ्लैट आ गए। घटना के समय अधिकतर लोग अपने घरों में मौजूद थे। आग के चलते अफरातफरी मच गई। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और सभी 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। प्रभावित फ्लैटों में रहने वाले लोगों को अस्थायी रूप से पड़ोसियों और परिचितों के यहां ठहराया गया है। विभाग के अनुसार करीब डेढ़ घंटे के प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस अभियान में कुल सात दमकल गाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्राथमिक तौर पर ट्रांसफॉर्मर में तकनीकी खराबी को आग लगने की वजह माना जा रहा है, हालांकि सटीक कारणों की पुष्टि के लिए जांच जारी है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/25/ अप्रैल /2026