रायपुर (ईएमएस)। नगर निगम जोन-9 क्षेत्र में टैंकर के जरिए गंदे पानी की सप्लाई का मामला सामने आने के बाद निगम प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। संबंधित ठेकेदार पर जुर्माना लगाया गया है और सभी टैंकर संचालकों को कड़ी चेतावनी जारी की गई है। जानकारी के अनुसार, वार्ड पार्षद की शिकायत के बाद निगम की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए गंदे पानी वाले टैंकर को बदलकर साफ पानी की सप्लाई सुनिश्चित कराई गई। जोन-9 के जोन कमिश्नर ने बताया कि संबंधित टैंकर निजी ठेकेदार के जरिए सप्लाई में लगाया गया था, जिसका अनुबंध 17 अप्रैल 2026 को हुआ था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि टैंकर नया था, लेकिन उसकी सही तरीके से सफाई नहीं की गई थी, जिसके कारण पानी गंदा हो गया। निगम ने ठेकेदार पर जुर्माना लगाते हुए भविष्य के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। सभी टैंकर ऑपरेटरों को कहा गया है कि पानी सप्लाई से पहले उसकी गुणवत्ता की जांच अनिवार्य रूप से करें, अन्यथा अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़ी इस तरह की लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। - (ईएमएस) 25 अप्रैल 2026