रायपुर (ईएमएस)। राजधानी में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। अब यदि किसी वाहन का ई-चालान लंबित है और समय पर भुगतान नहीं किया गया, तो वाहन जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के विशेष अभियान के तहत बीते दो दिनों में 135 वाहनों पर कार्रवाई की गई है। इन पर कुल डेढ़ लाख रुपये से अधिक का चालान बकाया बताया जा रहा है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे CCTV कैमरों के जरिए ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की पहचान कर ई-चालान जारी किए जा रहे हैं। पुलिस उपायुक्त (यातायात) विकास कुमार के निर्देश पर यह अभियान तेज किया गया है। यातायात पुलिस की टीमें अब वाहन मालिकों के घर-घर जाकर नोटिस दे रही हैं और लंबित चालान जमा करने के लिए कह रही हैं। अधिकारियों ने साफ किया है कि नोटिस के बाद भी भुगतान नहीं करने वालों के वाहनों को जब्त किया जाएगा। सहायक पुलिस आयुक्त गुरजीत सिंह ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे समय-समय पर अपने ई-चालान की स्थिति जांचें और बकाया राशि जल्द जमा करें, ताकि सख्त कार्रवाई से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा। - (ईएमएस) 25 अप्रैल 2026