रायगढ़ (ईएमएस)। जिले के छाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेहरामार में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। महुआ बीनने जंगल गई 70 वर्षीय केवला बाई राठिया की उनके ही भतीजे ने पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव जंगल में फेंक दिया। मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतका के बेटे लोकनाथ राठिया ने अपनी मां के 5 दिनों से लापता होने की रिपोर्ट थाना छाल में दर्ज कराई। उसने जमीन विवाद के चलते अपने चचेरे भाई आशन राठिया (36) पर संदेह जताया। इसी दौरान बेहरामार-जामपाली मार्ग के जंगल से दुर्गंध आने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां झाड़ियों के बीच गड्ढे में सड़ा-गला शव बरामद हुआ। पहचान केवला बाई के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि 18 अप्रैल को महुआ बीनने के दौरान जमीन बंटवारे और बिक्री को लेकर आरोपी और मृतका के बीच विवाद हुआ था। थाना प्रभारी नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर संदेही आशन राठिया को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने गुस्से में आकर लात-घूंसों से हमला कर हत्या करना कबूल किया। घटना के बाद उसने शव को मोटरसाइकिल से जंगल में ले जाकर फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। - (ईएमएस) 25 अप्रैल 2026