रायगढ़ (ईएमएस)। जिले के केवड़ाबाड़ी से ढिमरापुर मार्ग पर सड़क किनारे चल रहा नाली निर्माण पिछले चार महीनों से अधूरा पड़ा है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कार्मेल स्कूल के पास डॉ. रुपेंद्र पटेल हॉस्पिटल से लेकर बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम तक जाने का रास्ता खुली नाली और गंदगी के कारण बेहद खतरनाक हो गया है। एटीएम पहुंचने के लिए लोगों को खुले गड्ढे के किनारे से गुजरना पड़ रहा है, जहां जरा सी चूक होने पर नाली में गिरने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार काम अधूरा छोड़कर चला गया है और लंबे समय से कोई काम नहीं हो रहा। नाली में जमा गंदगी से बदबू फैल रही है, जिससे आसपास के रहवासियों और बैंक आने-जाने वाले ग्राहकों को दिक्कत हो रही है। लोगों ने कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी बढ़ती जा रही है। - (ईएमएस) 25 अप्रैल 2026