क्षेत्रीय
25-Apr-2026
...


सक्ती (ईएमएस)। जिले में एक सब-इंस्पेक्टर कमल मैरिषा पर शादीशुदा महिला से दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और धोखे से गर्भपात कराने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। महिला का आरोप है कि तीन साल पहले फेसबुक के जरिए उसकी दोस्ती तत्कालीन दंतेवाड़ा पदस्थ SI कमल मैरिषा से हुई थी। बाद में दोनों की मुलाकातें बढ़ीं और आरोपी ने खुद को अविवाहित बताते हुए संबंध बनाए तथा शादी का भरोसा भी दिया। पीड़िता के अनुसार जनवरी 2024 में वह गर्भवती हुई, जिसके बाद आरोपी ने उसे दवाइयां देकर बिना जानकारी के गर्भपात करा दिया। इसके बाद भी संबंध जारी रहे। बाद में उसे पता चला कि SI पहले से शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल किया और धमकी दी कि शिकायत करने पर वीडियो वायरल कर देगा और झूठे केस में फंसा देगा। पीड़िता ने 29 जनवरी 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसकी जांच एसडीओपी स्तर पर की जा रही है। हालांकि महिला का कहना है कि पहले भी उसने कई बार उच्च अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। वहीं आरोपी SI कमल मैरिषा ने सभी आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया है। मामला अब जांच के अधीन है। - (ईएमएस) 25 अप्रैल 2026