जशपुर (ईएमएस)। जिले में महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी प्रक्रिया के नाम पर अवैध वसूली के मामलों पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। कलेक्टर रोहित व्यास ने कार्रवाई करते हुए 9 कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) संचालकों का निलंबन और पंजीयन निरस्तीकरण किया है। जांच में पाया गया कि कुछ चॉइस सेंटर संचालक ग्रामीण महिलाओं से ई-केवाईसी अपडेट के नाम पर अनधिकृत रूप से पैसे वसूल रहे थे, जबकि यह प्रक्रिया शासन के निर्देशानुसार पूरी तरह निःशुल्क है। प्रशासन ने जिन ग्राम पंचायतों में कार्रवाई की है, उनमें बघिमा, लोदाम, काडरो, पंडरीपानी, कुड़खेलखजरी, कोहपानी, लरंगा, सेमरकछार और गोरिया शामिल हैं। इन केंद्रों की आईडी ब्लॉक करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को फील्ड में औचक निरीक्षण करने और हितग्राहियों से सीधे संवाद कर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि कहीं भी अवैध वसूली न हो। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अनियमितता पाए जाने पर केंद्र सील किया जाएगा और उपकरण जब्त किए जाएंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषी संचालकों को भविष्य में किसी भी शासकीय कार्य के लिए अयोग्य घोषित किया जाएगा। - (ईएमएस) 25 अप्रैल 2026