अंतर्राष्ट्रीय
25-Apr-2026


मॉस्को(ईएमएस)। ईरान युद्ध और होर्मुज जलडमरूमध्य में जारी सैन्य हलचल के बीच अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के गलियारों से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस साल दिसंबर में अमेरिका के मियामी में होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन में शामिल हो सकते हैं। क्रेमलिन की ओर से आए संकेतों ने इस बात की संभावना प्रबल कर दी है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निमंत्रण पर पुतिन वर्षों बाद अमेरिकी धरती पर कदम रख सकते हैं। यदि यह यात्रा सफल होती है, तो इसे वैश्विक राजनीति में एक बड़े ट्विस्ट के रूप में देखा जाएगा, जो यूक्रेन युद्ध और बढ़ते तनाव के बीच संवाद के नए द्वार खोल सकता है। अमेरिका इस वर्ष जी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है और उसने औपचारिक रूप से रूस को इस बैठक का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, मॉस्को ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया है, हालांकि पुतिन की व्यक्तिगत उपस्थिति पर अंतिम मुहर लगना अभी बाकी है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने स्पष्ट किया है कि वैश्विक संकटों के दौर में रूस जी20 को एक अत्यंत महत्वपूर्ण मंच मानता है। गौरतलब है कि 2019 के बाद से पुतिन ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी उपस्थिति सीमित कर ली थी, जिसका मुख्य कारण कोविड-19 महामारी और 2022 में यूक्रेन के साथ शुरू हुआ संघर्ष था। इस संभावित दौरे के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान भी चर्चा का विषय बना हुआ है। ट्रंप ने रूस को जी8 (अब जी7) से बाहर किए जाने के फैसले को एक बड़ी गलती करार देते हुए कहा है कि दुनिया की जटिल समस्याओं का समाधान केवल बातचीत के माध्यम से ही संभव है। हालांकि, उन्होंने पुतिन के आने को लेकर संदेह भी जताया है, लेकिन अमेरिकी प्रशासन यह स्पष्ट कर चुका है कि जी20 सदस्य होने के नाते रूस को सभी बैठकों में विधिवत आमंत्रित किया जाएगा। रूस के उप विदेश मंत्री अलेक्जेंडर पैनकिन ने भी पुष्टि की है कि उन्हें उच्च स्तरीय भागीदारी का न्योता मिला है। विशेषज्ञों का मानना है कि मियामी में पुतिन और ट्रंप की संभावित मुलाकात न केवल रूस और पश्चिम के बिगड़े रिश्तों को सुधारने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकती है, बल्कि यह युद्धग्रस्त क्षेत्रों में शांति बहाली के लिए भी एक निर्णायक मोड़ साबित हो सकती है। वीरेंद्र/ईएमएस/25अप्रैल2026 ---------------------------------