जशपुर(ईएमएस)। जिले के धान खरीदी केंद्र भगोरा में 20 लाख रुपये की लागत से बनाए गए चार चबूतरे और शेड का निर्माण महज तीन महीने में ही क्षतिग्रस्त हो गया। हाल ही में चली तेज हवा के दौरान शेड की कवरिंग और ढांचा टूट गया, जिससे निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और मंडी समिति के सदस्यों का आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिसके चलते यह स्थिति बनी। उनका कहना है कि इतनी बड़ी लागत से बने निर्माण का इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त होना संदेह पैदा करता है। वहीं, विभागीय अधिकारियों द्वारा ठेकेदार पर कार्रवाई करने के बजाय जिम्मेदारी मजदूर और मिस्त्री पर डाली जा रही है, जिससे नाराजगी और बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि सामान्य आंधी की वजह से नुकसान हुआ होता तो आसपास के अन्य निर्माणों को भी क्षति पहुंचती, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मामले के बाद अब निर्माण की गुणवत्ता और ठेकेदार की भूमिका पर जांच की मांग तेज हो गई है। - (ईएमएस) 25 अप्रैल 2026