कोरबा (ईएमएस)। जानकारी के अनुसार कोरबा जिले के कोरबा-कटघोरा-बिलासपुर मार्ग पर ग्राम कसनिया के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत लाटा बस्ती निवासी 22 वर्षीय प्रवेश यादव अपने दो मित्रो के साथ बाइक पर सवार होकर कटघोरा के आगे ग्राम सुतर्रा में एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम के बाद तीनों युवक देर शाम वापस दर्री लौट रहे थे। इसी दौरान कसनिया मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैलर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि ट्रैलर के संपर्क में आने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद ट्रैलर चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान प्रवेश यादव नामक एक युवक की मृत्यु हो गई, जबकि उसके दो साथियों की स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है। घटना की सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि फरार ट्रैलर चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। साथ ही पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। - 25 अप्रैल