जशपुर (ईएमएस)। जिले के नगर पंचायत बगीचा क्षेत्र में अवैध रूप से लगाए जा रहे होर्डिंग्स के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है। वार्ड क्रमांक 7 के मुख्य मार्ग पर बिजली ट्रांसफार्मर के पास बिना अनुमति लगाए गए विज्ञापन बोर्डों को नगर पंचायत की टीम ने हटाकर जब्त कर लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, वहां कोई होर्डिंग नहीं था, लेकिन सुबह अचानक बड़े-बड़े विज्ञापन बोर्ड लगाए हुए पाए गए। सूचना मिलने पर नगर पंचायत का अमला मौके पर पहुंचा। मुख्य नगर पालिका अधिकारी क्षितिज कुमार सिंह और उप अभियंता मुकेश दुबे के निर्देश पर की गई जांच में पाया गया कि होर्डिंग्स लगाने के लिए किसी भी विभाग से अनुमति नहीं ली गई थी और न ही शुल्क जमा किया गया था। कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक देवेंद्र सिंह, मोहित यादव सहित पूरी टीम मौजूद रही और पंचनामा तैयार किया गया। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति सार्वजनिक स्थानों पर होर्डिंग लगाना अवैध है और भविष्य में ऐसे मामलों में जुर्माने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई और एफआईआर भी दर्ज की जाएगी। - (ईएमएस) 25 अप्रैल 2026