25-Apr-2026
...


कांकेर (ईएमएस)। जिले की रावघाट खनन परियोजना को लेकर चल रहा विवाद फिलहाल सुलझ गया है। एसडीएम अंतागढ़, एसडीएम नारायणपुर, बीएसपी प्रबंधन, केसीसीएल और श्रमिक समिति के बीच हुई संयुक्त बैठक के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया। राजाराव बूढ़ादेव गोदग्राम श्रमिक विकास समिति के अनुसार, बैठक में अधिकांश मांगों पर सहमति बनी, जबकि कुछ बिंदुओं पर लिखित आश्वासन (मिनट्स ऑफ मीटिंग) दिया गया। इसके बाद समिति ने सर्वसम्मति से हड़ताल खत्म करने का फैसला लिया। अब सभी हाइवा टिपर, श्रमिक और परिवहन कार्य दोबारा शुरू किए जाएंगे। गौरतलब है कि बीएसपी प्रबंधन पर वादाखिलाफी के आरोप लगाते हुए श्रमिक संगठनों और स्थानीय समितियों ने खनन कार्य बंद कर दिया था। उनका कहना था कि जनसुनवाई में दिए गए रोजगार और विकास से जुड़े वादे पूरे नहीं किए गए हैं। साथ ही डीएमएफ मद के उपयोग और कम दर पर परिवहन कार्य को लेकर भी नाराजगी जताई गई थी। हालांकि, प्रशासनिक पहल और वार्ता के बाद सहमति बनने से अब क्षेत्र में स्थिति सामान्य हो गई है और परियोजना के दोबारा शुरू होने से रोजगार गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है। - ईएमएस / 25 अप्रैल 2026