25-Apr-2026
...


- बाईक से टक्कर के बाद एम्बुलेंस पेड से टकराई : शादी समारोह से घर लौटते समय हुए हादसे का शिकार जबलपुर, (ईएमएस)। जबलपुर स्थित वाहन निर्माणी (व्हीएफजे) के श्रमिक नेता असीम दुबे की शुक्रवार - शनिवार की दरमियानी रात सड़क दुघटना में मौत हो गई। बताया जाता है कि रात करीब डेढ़ बजे श्री दुबे रांझी में एक विवाह समारोह से शामिल होने के बाद अपने गृहग्राम पिपरिया लौट रहे कि कि इसी दौरान खमरिया अस्पताल तिराहे के पास शहडोल से जबलपुर की ओर आ रही एंबुलेंस ने उनकी बाइक एमपी 20 जेडए-1445 को टक्कर मार दी। इस टक्कर में जहां उनकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई तो वहीं 36 वर्षीय असीम दुबे को शरीर में गंभीर चोटें पहुंची और उन्होने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। बाईक को टक्कर मारने के बाद एंबुलेंस भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर कर पेड़ से जा टकराई। घटना के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी जिस पर खमरिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही दुर्घटना ग्रस्त एंबुलेंस में सवार मरीज को पुलिस और सुरक्षा गार्ड की मदद से दूसरे वाहन से अस्पताल भेजा गया। मृतक असीम दुबे ऑल इंडिया डिफेंस एंप्लाई फेडरेशन की व्हीकल फैक्ट्री कार्य समिति के सचिव थे। उनकी मौत की खबर से व्हीकल सहित अन्य सुरक्षा संस्थानो के कर्मचारियों में शोक की लहर है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद स्व. असीम दुबे का शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया और अपरान्ह बाद अंतिम संस्कार उनके गृह ग्राम पिपरिया में किया गया। अजय पाठक / मोनिका / 25 अप्रैल 2026/ 02.28