विपक्ष की आलोचना के बाद बीजेपी नेता राम माधव ने माफी मांगी नई दिल्ली,(ईएमएस)। बीजेपी नेता और आरएसएस लीडर राम माधव के अमेरिका के साथ भारत के रिश्ते पर दिए बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। माधव ने वॉशिंगटन में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि भारत ने अमेरिका के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने के लिए क्या नहीं किया। उन्होंने कहा कि भारत ने ईरान से तेल खरीदना बंद किया, रूस से तेल खरीदना बंद करने पर सहमति जताई और अमेरिकी टैरिफ का भी विरोध नहीं किया। तो फिर आखिर भारत अमेरिका के साथ काम करने में कहां कमी कर रहा है? हालांकि, विपक्ष की आलोचना के बाद राम माधव ने माफी मांगी है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर शुक्रवार को लिखा- भारत ने कभी भी रूस से तेल आयात रोकने पर सहमति नहीं दी। साथ ही 50फीसदी टैरिफ लगाए जाने का भी उसने जोरदार विरोध किया। कांग्रेस ने संघ के राम माधव के बयान को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला था। पार्टी ने आरोप लगाया कि माधव के बयान से यह साफ हो गया है कि मोदी सरकार ने अमेरिका को खुश करने के लिए भारत के हितों से समझौता किया। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर लिखा- ‘मोदी वही करते हैं, जो ट्रम्प चाहते हैं। मोदी ट्रम्प की कठपुतली हैं। यही वजह है कि ट्रम्प भारत को नरक बता रहे हैं और मोदी की हिम्मत नहीं होती कुछ कहने की। साफ है कि नरेंद्र मोदी पूरी तरह से कॉम्प्रोमाइज्ड हैं और इस बात का खामियाजा देश भुगत रहा है। सिराज/ईएमएस 25अप्रैल26