क्षेत्रीय
25-Apr-2026
...


कांकेर (ईएमएस)। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस और नगर पालिका ने संयुक्त रूप से सख्त अभियान शुरू किया है। यातायात पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में निरीक्षण कर सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। अभियान के दौरान टीम ने दुकानदारों को समझाइश दी कि वे अपनी दुकानों के बाहर रखा सामान तत्काल हटाएं। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय-सीमा में अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। टीम ने स्पष्ट किया है कि अब किसी भी दुकान के सामने सड़क या फुटपाथ पर सामान नहीं रखा जाएगा और ग्राहकों के लिए उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। इसी दौरान गलत तरीके से खड़े वाहनों पर लॉक लगाकर चालानी कार्रवाई भी की गई। अभियान के तहत सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों को हटाकर निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया गया, ताकि यातायात सुचारू हो सके। शहर में लगातार बढ़ते अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, नशे में वाहन न चलाएं तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। साथ ही किसी भी यातायात उल्लंघन की जानकारी शॉर्ट वीडियो के माध्यम से हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर देने की अपील की गई है। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने भी दुकानदारों और नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि सड़क और फुटपाथ पर सामान न रखें, ग्राहकों के लिए पार्किंग की व्यवस्था करें और वाहन केवल निर्धारित स्थान पर ही पार्क करें, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे। - ईएमएस / 25 अप्रैल 2026