क्षेत्रीय
25-Apr-2026
...


कांकेर (ईएमएस)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “उजियारा अभियान” के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 किलो 550 ग्राम गांजा, दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 850 रुपये नकद बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 3.33 लाख रुपये आंकी गई है। जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि केशकाल की ओर से दो मोटरसाइकिलों पर संदिग्ध लोग गांजा लेकर कांकेर की तरफ आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा ने तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने ग्राम कुलगांव स्थित कान्हा ढाबा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों को रोका। जांच के दौरान आरोपियों ने थैलों को छुपाने की कोशिश की, लेकिन गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर सफेद बोरी और गुलाबी थैले से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से दो मोटरसाइकिलें (CG 19 BS 6663 और CG 19 BU 2899), तीन मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। - ईएमएस / 25 अप्रैल 2026