क्षेत्रीय
25-Apr-2026
...


बालोद (ईएमएस)। जिले में क्रेडा विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उप अभियंता कमल देवांगन को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है। यह कार्रवाई संचालन एवं संधारण कार्यों में गंभीर लापरवाही पाए जाने के बाद की गई, जिससे विभागीय अमले में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, क्रेडा के संचालक एवं सीईओ राजेश सिंह राणा अपने बालोद प्रवास के दौरान गुरुर ब्लॉक के कनेरी, तारी, सोहतरा और राजाराव पठार क्षेत्रों में स्थित सौर ऊर्जा संयंत्रों और सोलर पंपों का निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर सोलर पंपों में लीकेज, पाइपलाइन की खराब स्थिति और उपकरणों के रखरखाव में गंभीर अनदेखी सामने आई। इसके साथ ही स्थानीय ग्रामीणों ने भी अधिकारियों के सामने समस्याएं रखते हुए बताया कि लंबे समय से सोलर पंप ठीक से काम नहीं कर रहे हैं, जिससे पेयजल और सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद कोई सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए, जिससे क्षेत्र में असंतोष बढ़ता जा रहा था। मौके पर मिली खामियों और लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सीईओ राजेश सिंह राणा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद उप अभियंता कमल देवांगन को बर्खास्त कर दिया गया। - (ईएमएस) 25 अप्रैल 2026