कल सुधार कार्य के दौरान खंबे से गिरने पर हुई थी मौत जबलपुर, (ईएमएस)। शहर के गोहलपुर थाना क्षेत्र के अमखेरा इको सिटी में विद्युत पोल से शुक्रवार 24 अप्रैल को गिरकर आउटसोर्स कर्मचारी की मौत के बाद शनिवार 25 अप्रैल को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। वार्ड क्रमांक 74 के रहवासियों और परिजनों ने शव रखकर चक्का जाम कर दिया, जिससे गोहलपुर बाईपास पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। गौरतलब हो कि शुक्रवार दोपहर ट्रांसफार्मर में लगी एलटी केबल जल जाने के बाद मरम्मत का काम चल रहा था। इस दौरान आउटसोर्स कर्मचारी 50 वर्षीय रंजीत कोरी, निवासी अमखेरा, विद्युत पोल पर चढ़कर सुधार कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वे करीब 10 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गए, जिससे उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। सहकर्मियों ने तत्काल उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। रंजीत कोरी पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधारताल शिकायत केंद्र में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि कार्य शुरू करने से पहले विद्युत सप्लाई बंद कर दी गई थी, लेकिन हादसा कैसे हुआ, यह जांच का विषय बना हुआ है। मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार शाम 4 बजे सुरक्षा उपकरणों के उपयोग को लेकर बैठक प्रस्तावित थी, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया ओर बैठक निरस्त कर दी गई। घटना के बाद संघ के पदाधिकारियों केएन तोखंडे, एसके मोर्य, एसके सिंह, दशरथ शर्मा ओर शशि उपाध्याय ने कंपनी प्रबंधन से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने ओर हादसे की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। अजय पाठक / मोनिका / 25 अप्रैल 2026/ 03.18