क्षेत्रीय
25-Apr-2026
...


राजगढ़(ईएमएस)l जिले में सुशासन को जमीनी स्तर तक प्रभावी बनाने की दिशा में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा जीरापुर विकासखंड के ग्राम बाड़गांव में रात्रि चौपाल आयोजित की गई। खुले आसमान के नीचे आयोजित इस चौपाल में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने ग्रामीणों और किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा अनेक मामलों में मौके पर ही निराकरण के निर्देश दिए। चौपाल के दौरान कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें और किसी भी समस्या की जानकारी बेझिझक प्रशासन तक पहुंचाएं। किसानों से संवाद करते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने नरवाई न जलाने की अपील करते हुए इसे पर्यावरण, भूमि की उर्वरता और जनस्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताया। उन्होंने किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इससे न केवल मृदा की गुणवत्ता सुरक्षित रहती है, बल्कि उत्पादन भी दीर्घकालीन रूप से बेहतर होता है। जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए उन्होंने “हर घर नल से जल” योजना के तहत उपलब्ध पेयजल के विवेकपूर्ण उपयोग पर जोर दिया। उन्‍होंने जल की प्रत्येक बूंद अमूल्य है, इसलिए जल अपव्यय रोकना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दिशा में नलों में टोटी लगाने एवं जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए। साथ ही राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने नामांतरण, बंटवारा एवं अन्य लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। ग्रामीणों द्वारा गौशाला हेतु भूमि की मांग पर उन्होंने तत्परता दिखाते हुए एक हेक्टेयर भूमि आवंटित करने के निर्देश मौके पर ही तहसीलदार को दिए, जिससे ग्रामीणों में संतोष और उत्साह का माहौल देखा गया। चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार उनकी समस्याओं को इतनी संवेदनशीलता के साथ सुना गया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, तहसीलदार जीरापुर श्री कमल सोलंकी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, नायब तहसीलदार माचलपुर, ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती राधा-बीरम सिंह परमार सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।-निखिल/राजगढ़/25/4/2026