क्षेत्रीय
27-Apr-2026


बालोद(ईएमएस)। भीषण गर्मी के बीच नगर में पेयजल आपूर्ति की बिगड़ी व्यवस्था को लेकर शिवसेना ने नाराजगी जताई है। शिवसेना नेताओं ने नगर पालिका परिषद बालोद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द सुधार की मांग की। शिवसेना नेता विजय पारख के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि शहर के कई वार्डों में शुद्ध और पर्याप्त पेयजल की नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि गर्मी के मौसम में टुल्लू पंप के जरिए पानी की चोरी के मामले बढ़ रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से इस पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही। इसके चलते आम नागरिकों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। शिवसेना ने आरोप लगाया कि पेयजल आपूर्ति का तय समय भी पालन नहीं किया जा रहा, जिससे लोगों को रोजाना असुविधा झेलनी पड़ रही है। उन्होंने जल वितरण व्यवस्था को नियमित और पारदर्शी बनाने की मांग की। पेयजल के साथ-साथ नगर में सफाई व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए गए। मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए कीटनाशक दवाओं के नियमित छिड़काव की मांग की गई है। इस दौरान शिवसेना नेता जयप्रकाश चंद्राकर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)27 अप्रैल 2026