- व्यापार विहार में जल निकासी के निराकरण के लिए रेलवे एफसीआई और निगम की बनेगी संयुक्त कमेटी - विकास भवन में महापौर की अध्यक्षता में रेलवे, एफसीआई और निगम की हुई बैठक बिलासपुर (ईएमएस)। महापौर और निगम कमिश्नर के निरीक्षण के दौरान व्यापार विहार व्यापारी संघ द्वारा नाली के पानी की निकासी संबधी समस्या के निराकरण की मांग पर त्वरित पहल करते हुए आज विकास भवन में महापौर श्रीमती पूजा विधानी की अध्यक्षता में रेलवे,एफसीआई और नगर निगम के अधिकारियों की संयुक्त रूप से बैठक हुई। जिसमें चर्चा के उपरांत निर्णय लिया गया कि व्यापार विहार क्षेत्र और आसपास के नाला नालियों में अवरूद्ध पानी निकासी के लिए एक समिति गठित की जाएगी,जो क्षेत्र के नाला-नालियों का सर्वे कर पानी जाम के कारणों का पता लगाते हुए उसका शीघ्र निराकरण करेगी। समिति में रेलवे,एफसीआई और नगर निगम तीनों विभाग के अधिकारी शामिल रहेंगे। बैठक के दौरान महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने कहा कि बारिश के पूर्व उक्त समस्या का निराकरण किसी भी सूरत में होना चाहिए। विदित है कि व्यापार विहार क्षेत्र के नाला-नालियों में पानी निकासी नहीं होने से व्यापार विहार,टीकरापारा और हेमू नगर समेत आस-पास के क्षेत्रों में बारिश के समय जल भराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। 22 अप्रैल को महापौर श्रीमती पूजा विधानी और निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे तथा निगम अधिकारियों द्वारा व्यापार विहार का निरीक्षण किया गया था। इस दौरान व्यापार विहार व्यापारी संघ के द्वारा नाली के पानी निकासी नहीं होने की शिकायत की गई थी,प्राथमिक तौर पर जिसका कारण नालियों में रेलवे तथा एफसीआई द्वारा निर्माण किया जाना पाया गया था। समस्या के समाधान के लिए महापौर द्वारा तीनों विभागों की संयुक्त बैठक करने के निर्देश दिए गए थे,जिसके परिपालन में आज बैठक की गई। बैठक में महापौर श्रीमती पूजा विधानी, निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, रेलवे के मंडल अभियंता आरपी भार्गव,एफसीआई के जिला मैनेजर अनूप और निगम के मुख्य अभियंता राजकुमार मिश्रा,अधीक्षण अभियंता एसपी साहू,स्वास्थ्य अधिकारी प्रवेश कश्यप उपस्थित रहें। मनोज राज 25 अप्रैल 2026