क्षेत्रीय
25-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के कैलाश कॉलोनी इलाके में शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक टेंट कारोबारी द्वारा खुले मैदान में रखे सामान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और मौके से उठता घना काला धुआं करीब डेढ़ से दो किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टेंट का सामान गोदाम के बाहर ही खुले में रखा हुआ था, तभी अचानक आग भड़क उठी। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। वहीं, राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग से उठ रहे धुएं और प्रदूषण के कारण आसपास के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि धुएं की वजह से सांस लेने में परेशानी हो रही है और पूरे इलाके में धुंध जैसा माहौल बन गया है।सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन से चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है। लेकिन एक घंटे बाद भी आग पूरी तरह बुझाई नहीं जा सकी थी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/25/ अप्रैल /2026