नई दिल्ली (ईएमएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग और दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी स्पोर्ट्स लीग माना जाता है, जिसमें हर क्रिकेटर खेलना चाहता है। कई विदेशी खिलाड़ी तो आईपीएल में खेलने के लिए अपने अंतरराष्ट्रीय करियर से संन्यास तक ले लेते हैं, क्योंकि अक्सर राष्ट्रीय बोर्ड उन्हें एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) देने में आनाकानी करते हैं। इस बीच, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर और आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस (जीटी) के बल्लेबाजी कोच मैथ्यू हेडन ने आईपीएल को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि विदेशी खिलाड़ी आईपीएल को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से भी ज्यादा महत्वपूर्ण समझते हैं। मैथ्यू हेडन ने एक पॉडकास्ट पर बात करते हुए बताया, अलग-अलग टीमों से बात करने पर मुझे लगता है कि विदेशी खिलाड़ी, खासकर दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी, हम (ऑस्ट्रेलियाई) कुछ हद तक, न्यूज़ीलैंड के खिलाड़ी, इस कॉम्पिटिशन को ऐसे दिखाते हैं जैसे यह इंटरनेशनल क्रिकेट से भी बड़ा हो। हेडन ने इस सोच के पीछे के कारणों को भी समझाया। उनका कहना है कि आईसीसी ने अपने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर में आईपीएल के लिए एक विशेष विंडो दी हुई है, जिस दौरान बहुत कम अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेली जाती है। हेडन ने बताया कि आईपीएल के बारे में बहुत अधिक प्रचार और हाइप है, और यह लगभग दो महीने तक पूरे देश पर हावी रहता है। उन्होंने कहा, आप देख सकते हैं कि वे ऐसा क्यों करते हैं? क्योंकि इसके बारे में बहुत हाइप है। जब आप यहां आईपीएल में होते हैं, तो इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप ब्रॉडकास्टिंग कर रहे हैं, या सिर्फ सड़कों पर एक आम व्यक्ति हैं, या हम अभी दूसरी तरफ हैं। यह पूरे आईपीएल के समय पर हावी हो जाता है। यह हर दिन सिर्फ क्रिकेट है। कभी-कभी तो दिन में दो बार भी। खुद मैथ्यू हेडन भी आईपीएल के शुरुआती सीज़न का हिस्सा रहे थे। उन्होंने 2009 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 12 मैचों में 572 रन बनाए थे, जो उनके आईपीएल करियर की बेहतरीन पारियों में से एक थी। इस साल भी कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें आईपीएल में 15 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम मिल रही है, जो इस लीग के बढ़ते कद को दर्शाता है। डेविड/ईएमएस 26 अप्रैल 2026