इन्दौर (ईएमएस) स्थानीय महेश दृष्टिहीन कल्याण संघ में आयोजित एक ह्रदय स्पर्शी आयोजन में दृष्टिहीन बालिकाओं के साथ सखी बहिनपा मैथिलानी समूह की सदस्याओं ने सीता नवमी पर माता सीता का प्राकट्य दिवस श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव से मनाया। इस अवसर पर संस्था की दृष्टिहीन बालिकाओं ने रामायण की चौपाइयों का भावपूर्ण वाचन किया और भगवान राम एवं मां सीता के भजनों की सुमधुर प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। सखी बहिनपा मैथिलानी समूह द्वारा दृष्टिहीन बेटियों के कल्याणार्थ सीलिंग फैन, सेनेटरी पैड्स, खाद्य सामग्री सहित आवश्यक वस्तुओं का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात महिलाओं ने महाकवि विद्यापति द्वारा रचित कालजयी मैथिली भगवती गीत जय-जय भैरवि असुर भयाउनि पशुपति भामिनी माया... का सामूहिक गायन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। समूह की ऋतु झा, शारदा झा, सुष्मा झा, कविता झा एवं सोनी झा के अनुसार समूह द्वारा समय समय पर भोजन, खाद्य सामग्री, सिलाई मशीन, पंखे आदि आवश्यक वस्तुओं का वितरण कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई जाती है।