- कच्छ, मोरबी, सुरेंद्रनगर समेत कई क्षेत्रों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने की आशंका, प्रशासन सतर्क अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों के लिए कड़ी गर्मी और हीटवेव की चेतावनी जारी की है। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का असर देखने को मिलेगा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अधिकतम तापमान 41 डिग्री से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है। विशेष रूप से कच्छ, मोरबी और सुरेंद्रनगर जिलों में हीटवेव का गंभीर असर पड़ने की संभावना जताई गई है। वहीं प्रशासन ने राजकोट और पोरबंदर के लिए भी अलर्ट जारी किया है। उत्तर गुजरात और सौराष्ट्र के कई इलाकों में गर्म हवाओं के चलते लू लगने का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दिन भी गर्मी से राहत मिलने के कोई संकेत नहीं हैं। दूसरे दिन पोरबंदर, पाटण, बोटाद और अहमदाबाद जिलों में भी तेज गर्मी का असर रहेगा। सूरत और पाटण जैसे शहरों में बढ़ता तापमान आम जनजीवन को प्रभावित कर सकता है। राज्य के अधिकांश केंद्रों पर तापमान 42 डिग्री से ऊपर रहने की संभावना है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दोपहर के समय सीधे धूप में बाहर न निकलने की सलाह दी है। हीटवेव से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पीने, हल्के और सूती कपड़े पहनने तथा जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की अपील की गई है। विशेष रूप से छोटे बच्चों और बुजुर्गों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। वहीं स्थानीय प्रशासन ने गर्मी से होने वाली बीमारियों से निपटने के लिए अस्पतालों में विशेष इंतजाम शुरू कर दिए हैं। सतीश/26 अप्रैल