नई दिल्ली (ईएमएस)। राजधानी में ट्रैफिक जाम, अवैध पार्किंग और ई-रिक्शा के बढ़ते दबाव से राहत दिलाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने प्रोजेक्ट संगम के तहत बड़ा एक्शन प्लान लागू किया है। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में आरडब्ल्यूए और मार्केट एसोसिएशनों के साथ लगातार बैठकों के बाद न सिर्फ समस्याओं की पहचान की गई, बल्कि कई जगहों पर तुरंत कार्रवाई करते हुए जाम कम करने के ठोस कदम भी उठाए गए हैं। एडिशनल कमिश्नर (ट्रैफिक) विजयांता गोयल आर्या के मुताबिक, प्रोजेक्ट संगम के तहत जनता की भागीदारी से ट्रैफिक मैनेजमेंट को मजबूत किया जा रहा है। इसी कड़ी में वेस्ट पटेल नगर में बड़ी राहत तब मिली जब बालराज खन्ना मार्ग से ई-रिक्शा स्टैंड हटाकर सादीपुर मेट्रो स्टेशन के पीछे शिफ्ट कर दिया गया। लंबे समय से यहां अव्यवस्थित खड़े ई-रिक्शा जाम की वजह बन रहे थे। ट्रैफिक पुलिस ने चालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अब केवल निर्धारित स्थान से ही सवारी उठाएं। साथ ही चांदनी चौक के एसपीएम मार्ग पर व्यापारियों की शिकायत के बाद तुरंत ट्रैफिक स्टाफ बढ़ाया गया, जिससे भीड़भाड़ में कमी आई। वहीं, नरेला इलाके में अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाकर 205 चालान किए गए, 23 रेहड़ी-पटरी हटाई गईं और 16 वाहनों को टो किया गया। इस कार्रवाई से इलाके में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार देखने को मिला है।