नई दिल्ली,(ईएमएस)। दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के द्वारका स्थित डाबड़ी इलाके में एक ऐसी खौफनाक घटना सामने आई है। यहां एक टेंट कारोबारी अपने बकाया पैसे लेने गया तो पैसे देना तो दूर की बात आरोपियों ने उल्टे उसके हाथ काट लिए। इस दरिंदगी से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। विजय एन्क्लेव में शादी के बकाया भुगतान को लेकर हुए विवाद में एक टेंट सर्विस प्रोवाइडर पर न केवल जानलेवा हमला किया गया, बल्कि बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए ग्राइंडर से उनके हाथ काट दिए गए। गंभीर रूप से घायल पीड़ित को फिलहाल दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 24 अप्रैल 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। पीसीआर कॉल के माध्यम से सूचना मिलते ही जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो वहां 32 वर्षीय लोकेश गुप्ता लहूलुहान अवस्था में मिले। लोकेश इलाके में हलवाई और टेंट सर्विस का व्यवसाय करते हैं। प्राथमिक जांच में यह बात निकलकर सामने आई है कि विजय एन्क्लेव निवासी 53 वर्षीय आरोपी अजय पाल ने 20 अप्रैल को अपनी बेटी की शादी के लिए लोकेश से सेवाएं ली थीं। इस पूरी व्यवस्था का सौदा करीब 2.5 लाख रुपये में तय हुआ था, जिसमें से लगभग 2 लाख रुपये का भुगतान अभी बाकी था। आरोप है कि जब लोकेश गुप्ता अपना बकाया पैसा मांगने के लिए अजय पाल के घर पहुंचे, तो दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि अजय पाल ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर लोकेश पर हमला बोल दिया। इसी दौरान बिजली से चलने वाले कटर (ग्राइंडर) का इस्तेमाल कर उनके हाथों पर वार किया गया। मौके पर मौजूद लोगों के बीच इस वीभत्स दृश्य को देखकर दहशत फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अजय पाल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में शामिल दो नाबालिगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डाबरी थाना पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह हमला पूर्व नियोजित था या गुस्से में अचानक उठाया गया कदम। डॉक्टरों के अनुसार, लोकेश को धारदार हथियार से बेहद गहरे घाव आए हैं। इस खौफनाक वारदात के बाद से इलाके के व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में भारी रोष और डर का माहौल व्याप्त है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहनता से जांच कर सभी दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। वीरेंद्र/ईएमएस/26अप्रैल2026