राष्ट्रीय
26-Apr-2026


-नेता, सांसद और विधायक ने खोला टीएमसी के खिलाफ मोर्चों कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले राजनीतिक माहौल बेहद गर्म हो गया है। इस बीच भाजपा नेताओं ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ आक्रामक कैंपेन शुरु किया है। भवानीपुर से भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी ने टीएमसी पर निशाना साधकर कहा कि कालीघाट की जनता ने उसी भाषा में जवाब दिया है, जो भाषा टीएमसी समझती है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी की राजनीति का तरीका अब जनता को स्वीकार नहीं है और इस बार चुनावी नतीजे एकतरफा नहीं रहने वाले है। उन्होंने “गुंडा भगाओ, बंगाल बचाओ” का नारा देकर बदलाव का दावा किया। वहीं भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने दावा किया कि राज्य में मतदाता ममता बनर्जी के खिलाफ हैं और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जनता नाराज है। उन्होंने कहा कि भाजपा 200 से अधिक सीटें जीत सकती है, जो एक बड़ा राजनीतिक परिवर्तन होगा। सांसद तिवारी ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता की सराहना कर कहा कि किसी भी मतदाता को डराने-धमकाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं होगी। सांसद तिवारी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान का समर्थन कर कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने टीएमसी पर आरोप लगाया कि वे इसतरह के तत्वों के प्रति नरमी बरतती है, जबकि भाजपा कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू करना चाहती है। इस कड़ी में भाजपा सांसद रवि किशन ने भी ममता बनर्जी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब “दीदी” के आराम का समय आ चुका है और बंगाल की जनता बदलाव के लिए तैयार है। उनके अनुसार, राज्य में भ्रष्टाचार और अत्याचार का अंत होने वाला है और आगामी परिणामों में भाजपा की जीत सुनिश्चित है। कुल मिलाकर, चुनाव से पहले भाजपा नेताओं के आक्रामक बयानों ने राज्य की राजनीति को और गरमा दिया है। दूसरी ओर, टीएमसी इन आरोपों को खारिज करते हुए अपनी उपलब्धियों और जनसमर्थन पर भरोसा जता रही है। अब सबकी नजर आगामी मतदान और उसके नतीजों पर टिकी है, जो राज्य की राजनीतिक दिशा तय करेगा। आशीष दुबे / 26 अप्रैल 2026