क्षेत्रीय
26-Apr-2026
...


- बढ़ते लोड से शहर में बढ़ीं घटनाएं गुना (ईएमएस) । भीषण गर्मी के बीच शहर में बिजली डीपियों पर बढ़ते लोड का असर अब हादसों के रूप में सामने आने लगा है। रविवार सुबह करीब 9 बजे अशोकनगर रोड स्थित कैंची बीड़ी कारखाने के पास लगी बिजली डीपी में अचानक तेज धमाके के साथ आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और डीपी के साथ पीछे बने मकान की खिड़कियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के मकानों तक फैलने का खतरा बन गया था। हालांकि समय रहते नगरपालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। यदि थोड़ी भी देर होती तो आसपास के आधा दर्जन से अधिक मकान इसकी जद में आ सकते थे। आग बुझने के बाद बिजली कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त डीपी को दुरुस्त करने का कार्य देर शाम तक जारी रहा। घटना के कारण क्षेत्र में कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। विशेषज्ञों के अनुसार इन दिनों तेज गर्मी के कारण घरों और दफ्तरों में एसी, कूलर और अन्य विद्युत उपकरणों का उपयोग बढ़ गया है, जिससे ट्रांसफॉर्मरों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। यही वजह है कि शहर में आए दिन डीपियों में आग लगने और धमाके होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। नागरिकों ने बिजली कंपनी से समय रहते व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके। -सीताराम नाटानी