- राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष नियुक्त गुना (ईएमएस) । मध्य प्रदेश की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र के पूर्व भाजपा सांसद डॉ. के.पी. यादव को राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। मध्य प्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने आदेश जारी करते हुए डॉ. के.पी. यादव को मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाइज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (राज्य नागरिक आपूर्ति निगम) का अध्यक्ष नियुक्त किया है। वल्लभ भवन, भोपाल से जारी इस आधिकारिक आदेश के अनुसार, राज्य शासन ने कॉर्पोरेशन के मेमोरेंडम एंड आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन की शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह नियुक्ति की है। डॉ. यादव को कॉर्पोरेशन के संचालक मंडल में संचालक के रूप में नियुक्त करने के साथ ही अध्यक्ष पद का दायित्व सौंपा गया है। उनकी यह नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तिथि से आगामी दो वर्ष अथवा अगले आदेश तक के लिए प्रभावी रहेगी। गौरतलब है कि डॉ. के.पी. यादव गुना जिले के एक कद्दावर नेता माने जाते हैं। इस नई नियुक्ति को उनके राजनीतिक कद और क्षेत्रीय पकड़ के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है। डॉ. यादव की इस नियुक्ति पर गुना, अशोकनगर , और शिवपुरी के कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर है और उनके समर्थकों द्वारा इसे एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। नागरिक आपूर्ति निगम जैसे महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी मिलने के बाद अब प्रदेश की सार्वजनिक वितरण प्रणाली और खाद्य आपूर्ति प्रबंधन में उनकी सक्रिय भूमिका रहेगी। -सीताराम नाटानी