26-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। पंजाब किंग्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स की हार के बाद से ही इसके पीछे के कारणों पर बहस चल रही है। इस मैच में केएल राहुल के शतक से दिल्ली ने 264 रनों का बड़ा स्कोर बनाया था पर उसे फिर भी हार झेलनी पड़ रही है। इसके लिए करुण नायर को भी एक कारण बताया जा रहा है। नायर ने इस मैच में पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर का कैच छोड़ दिया था। इसके कारण नायर को हार के लिए दोषी माना गया पर पूर्व स्पिनर आर अश्विन ने करुण का बचाव करते हुए कहा कि हार का कारण टीम प्रबंधन की गलती है। मैच में पंजाब ने 265 रनों का लक्ष्य हासिल कर दिल्ली को हैरान कर दिया। इस मैच में दिल्ली की ओर से शतक लगाने वाले राहुल काफी थक गये थे। इस कारण वह दूसरी पारी में क्षेत्ररक्षण के लिए नहीं उतरे। यहीं दिल्ली कैपिटल्स प्रबंधन ने गलती कर दी। ङसने बेहतरीन फील्डर ट्रिस्टन स्टब्स को विकेटकीपिंग के लिए उतार दिया। ऐसे में करुण को राहुल की जगह पर फील्डिंग के लिए उतारा गया पर उन्होंने दो कैच गिरा दिये। अश्विन ने नायर का बचाव करते हुए कहा कि, ‘राहुल ने 150 रन बनाए और वे काफी थक गये थे। इसलिए उन्होंने बाहर बैठने का फैसला किया। जिसके कारण स्टब्स को विकेटकीपिंग करनी पड़ी। ऐसे समय में सब्स्टीट्यूट फील्डर के लिए अचानक खेल में आना और अच्छा प्रदर्शन करना आसान नहीं होता है।’ हालांकि, यह भी याद रखना होगा कि इसी मैच में नायर ने नेहाल वढेरा का बाउंड्री पर एक शानदार कैच पकड़ा था। अश्विन ने आगे कहा, अगर एक खिलाड़ी को पता है कि वह नहीं खेलने वाला है, तो वह अपना समय ट्रेनिंग या जिम में बिताता है। करुण नायर ने भी ऐसा ही किया होगा। एक कैच गिरने से आत्मविश्वास भी कम हो जाता है, जबकि नायर काफी अच्छे फील्डर माने जाते हैं।’दिल्ली कैपिटल्स टीम प्रबंधन को नायर की जगह अभिषेक पोरेल को केएल राहुल के सब्स्टीट्यूट के तौर पर उतारन चाहिये था। ऐसा करने से ट्रिस्टन स्टब्स फील्ड में बने रहते, और शायद मैच का परिणा कुछ और हो सकता था। ईएमएस 26अप्रैल 2026