रायसेन (ईएमएस) कलेक्टर विश्वकर्मा ने ग्राम बिनेका, सिंधी कैम्प तथा बाड़ी में स्वगणना कार्य का किया निरीक्षण चौपाल लगाकर आमजन से किया सीधा संवाद, नागरिकों को स्वयं बताई मोबाइल पर स्वगणना फॉर्म भरने की प्रक्रिया कलेक्टर श्री अरुण कुमार विश्वकर्मा द्वारा रविवार को सिंधी कैम्प, बिनेका तथा बाड़ी सहित अन्य क्षेत्र में पहुंचकर स्वगणना कार्य का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने चौपाल में नागरिकों से सीधा संवाद कर उन्हें जनगणना का महत्व बताया और सही जानकारी के साथ ऑनलाइन स्वगणना फॉर्म भरने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने नागरिकों को मोबाइल पर स्वयं ही स्वगणना फॉर्म भरने की प्रक्रिया भी बताई। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्व-गणना में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने परिवार की पूरी जानकारी समय पर ऑनलाइन दर्ज करें। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चौपाल के माध्यम से जागरूकता अभियान को और तेज किया जाए, ताकि हर व्यक्ति तक इसकी जानकारी पहुंच सके और जनगणना कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण हो सके। जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य एक मई 2026 से 30 मई 2026 तक किया जाएगा। इसके पूर्व 16 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना हेतु पोर्टल पर विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस अवधि में नागरिक अपनी स्व-गणना समय रहते पूर्ण कर सकते हैं, जिससे आगामी प्रक्रिया और अधिक सुगम हो सके। इससे नागरिकों को घर, कार्यालय अथवा किसी भी स्थान से मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से सुरक्षित रूप से जानकारी दर्ज करने की सुविधा मिलती है। यह न केवल समय की बचत करता है, बल्कि डेटा संग्रहण को अधिक सटीक एवं प्रभावी भी बनाता है। जनगणना-2027 में पहली बार नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प प्रदान किया गया है, जो एक आधुनिक, तकनीकी रूप से सशक्त एवं समावेशी प्रक्रिया की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे नागरिकों की भागीदारी बढ़ेगी और देश के विकास के लिए आवश्यक आंकड़ों का संकलन अधिक सुगमता से किया जा सकेगा। जनगणना का द्वितीय चरण, जिसमें जनसंख्या गणना की जाएगी, फरवरी 2027 में पूरे देश में संपन्न होगा। इस दृष्टि से वर्तमान स्व-गणना प्रक्रिया नागरिकों को प्रारंभिक चरण में ही जुड़ने और अपनी जिम्मेदारी निभाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है। किशोर वर्मा ईएमएस रायसेन 26/04/2026