क्षेत्रीय
26-Apr-2026
...


- दस और खरीदी केंद्र स्थापित होंगे जबलपुर, (ईएमएस)। समर्थन मूल्य पर जिले में अभी तक समर्थन मूल्य पर 1 हजार 387 किसानों से 46 हजार 951 क्विंटल गेहूं का उपार्जन किया जा चुका है। किसानों से समर्थन मूल्य गेहूँ खरीदी का कार्य जिले में 15 अप्रैल से प्रारंभ हुआ था और अभी तक 16 हजार 691 किसानों द्वारा स्लॉट बुक किये जा चुके हैं। प्रभारी जिला आपूर्ति नियंत्रक सीमा बौरसिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार फिलहाल किसानों से गेहूँ का उपार्जन 60 खरीदी केंद्रों के माध्यम से किया जा रहा है। जल्दी ही दस और खरीदी केंद्रों की स्थापना की जायेगी। पिछले वर्ष गेहूँ उपार्जन के लिये 70 खरीदी केंद्र जिले में स्थापित किये गये थे। प्रभारी जिला आपूर्ति नियंत्रक ने बताया कि समर्थन मूल्य पर गेहूँ का विक्रय करने जिले में 50 हजार 788 किसानों द्वारा अपना पंजीयन कराया गया है। इनमें से 32.86 प्रतिशत किसान स्लॉट बुक भी करा चुके हैं। उन्होंने बताया कि उपार्जन के प्रारंभिक चरण में केवल 2 हेक्टेयर एवं उससे कम कृषि भूमिधारित करने वाले छोटे कृषकों के स्लॉट बुकिंग का प्रावधान किया गया है। प्रभारी जिला आपूर्ति नियंत्रक के अनुसार प्रत्येक खरीदी केंद्र की स्लॉट बुकिंग की क्षमता भी बढ़ा दी गई है। प्रत्येक केंद्र पर अब प्रतिदिन 2 हजार 250 क्विंटल की क्षमता नियत कर दी गई है, ताकि अधिक से अधिक छोटे किसानों के स्लॉ्ट बुक हो सके। छोटे किसानों की स्लॉट बुकिंग पूर्ण होने पर शीघ्र ही मध्यम एवं बड़े किसानों के भी स्लॉट बुकिंग पोर्टल पर चालू हो जाएंगे। प्रभारी जिला आपूर्ति नियंत्रक के मुताबिक स्लॉट की बुकिंग 30 अप्रैल के बाद भी जारी रहेगी। सुनील साहू / शहबाज / 26 अप्रैल 2026/ 04.00