क्षेत्रीय
26-Apr-2026
...


- सुबह-सुबह मची अफरा-तफरी, 10 से ज्यादा दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू अहमदाबाद (ईएमएस)| शहर के बापूनगर इलाके में स्थित प्लास्टिक पेलेट्स बनाने वाली एक फैक्ट्री में रविवार तड़के अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही अहमदाबाद फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिसके बाद 10 से ज्यादा दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाना पड़ा। दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास करते हुए आग पर आखिरकार काबू पा लिया। इसके बाद टीम द्वारा कुलिंग ऑपरेशन शुरू किया गया, ताकि आग दोबारा न भड़क सके। साथ ही वेंटिलेशन की प्रक्रिया भी की गई, जिससे फैक्ट्री के अंदर भरा धुआं बाहर निकाला जा सके। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मिहिर राणा ने बताया कि फायर ब्रिगेड की टीम समय पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है। फिलहाल मौके पर निगरानी रखी जा रही है। राहत की बात यह है कि इस हादसे में अब तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। सतीश/26 अप्रैल