मैड्रिड (ईएमएस)। पोलैंड की महिला टेनिस स्टार इगा स्वियातेक अज्ञात बीमारी के कारण मैड्रिड ओपन 2026 से बाहर हो गयी हैं। स्वियातेक की तबियत अमेरिकी प्रतिद्वंद्वी एन ली के खिलाफ मैच के दौरान खराब हो गयी थी। जिसके बाद उन्होंने रिटायर हर्ट होने का फैसला किया, जिससे उनका मैड्रिड ओपन का सफर समाप्त हो गया है। ये स्वियातेक के लिए बड़ा झटका है। एन ली मुकाबले में 7-6 (4), 2-6, 3-0 से आगे चल रही थीं। निर्णायक सेट की शुरुआत में ही इगा स्वियातेक को तबियत खराब होने के कारण मेडिकल टाइमआउट लेना पड़ा। कुछ मिनटों के बाद वह कोर्ट पर लौटीं पर अपनी बेचैनी और खराब स्वास्थ्य के कारण मैच आगे नहीं खेल पायीं। अंत में उन्होंने बाहर होने का फैसला किया। मैच के दौरान उनके चेहरे पर दर्द साफ झलक रहा था, जिसने दर्शकों और कमेंटेटरों को उनकी स्थिति के प्रति चिंतित कर दिया था। इस अज्ञात बीमारी ने उन्हें मैच के अहम पड़ाव पर मजबूरन बाहर कर दिया। स्वियातेक ने सला 2024 में इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया था। वह इस बार भी खिताब की सबसे मजबूत दावेदारों में से एक थीं और उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही थी। उनके शुरुआती मैचों में उनकी लय भी अच्छी दिख रही थी पर बीमारी के कारयण उनकी सारी उम्मीदों पर पानी फिर गया। दूसरी ओर, विश्व रैंकिंग में 34वें स्थान पर काबिज अमेरिकी खिलाड़ी एन ली के लिए यह एक महत्वपूर्ण जीत है, भले ही यह रिटायरमेंट के कारण मिली हो। एन ली अब अगले दौर में कनाडा की लेयला फर्नांडीज से खेलेंगी, जहां वह अपनी शानदार लय को बरकरार रखने का प्रयास करेंगी। ईएमएस 26 अप्रैल 2026