- महिला आयोग की अध्यक्ष ने साधा विपक्ष पर निशाना फिरोजाबाद(ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी महानगर फिरोजाबाद द्वारा रविवार को तुलसी पैलेस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 133वां एपिसोड सुना गया। इसके साथ ही 16-17 अप्रैल को संसद में हुए घटनाक्रम के विरोध में ‘महिला जन आक्रोश पद यात्रा’, प्रेस वार्ता और संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर और उदय प्रताप सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने विपक्षी दलों पर महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी का आरोप लगाया। मुख्य वक्ता राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने कहा कि संसद में महत्वपूर्ण विधेयकों का विरोध कर विपक्ष ने “देश की आधी आबादी के हितों के साथ अन्याय” किया है। उन्होंने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और डीएमके पर महिला-विरोधी मानसिकता का आरोप लगाते हुए कहा कि संविधान (131वां संशोधन), परिसीमन और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयकों का विरोध लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को नीति-निर्माण में भागीदारी देना उनका अधिकार है, न कि कोई उपकार। साथ ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयान का हवाला देते हुए कहा कि परिसीमन प्रक्रिया में किसी भी राज्य के साथ अन्याय नहीं होगा। महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर ने कहा कि भाजपा महिलाओं को राजनीति और नीति-निर्माण में उचित भागीदारी देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने 16 और 17 अप्रैल को संसद में विपक्ष के आचरण की निंदा करते हुए इसे अलोकतांत्रिक और महिला विरोधी बताया। कार्यक्रम में ‘मन की बात’ के संयोजक अंकित तिवारी तथा महिला जन आक्रोश रैली व संगोष्ठी की संयोजक अनुपम शर्मा रहीं। संचालन आकृति सहयोगी द्वारा किया गया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष नानक चंद्र अग्रवाल, सिरसागंज अध्यक्ष रंजना सिंह, मक्खनपुर चेयरमैन गीता देवी धनगर, मनोरमा गुप्ता, दुर्गेश यादव, विमलेश जाटव, नीलम दिवाकर, किरण राठौड़, शांति देवी वर्मा, पार्षद पूनम शर्मा, पार्षद उषा देवी, नीता धनगर, महिमा गुप्ता, सरिका गुप्ता, मुन्नी देवी, के.के. गांधी, राखी गुप्ता, आनंद अग्रवाल, देवेश भारद्वाज, रामनरेश कटरा, योगेंद्र बाबा, विवेक अग्रवाल, दीपक गुप्ता, डॉ. एस.पी. लहरी, गौतम कुशवाहा, राजेश झा, विशाल पचौरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ईएमएस