26-Apr-2026
...


- तीन दिवसीय मॉडल यूनाइटेड नेशंस में छात्रों ने दिखाई कूटनीतिक कुशलता; भविष्य के वैश्विक नेताओं ने तैयार किए समाधान :: इंदौर (ईएमएस)। दुनिया के बदलते समीकरणों और अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों से रूबरू होने के लिए शहर के प्रेस्टीज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च (पीआईएमआर) डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी में युवाओं का संयुक्त राष्ट्र सजा। तीन दिनों तक चले मॉडल यूनाइटेड नेशंस में युवाओं ने न केवल वैश्विक मुद्दों पर कूटनीतिक दांव-पेच दिखाए, बल्कि समाधान की राह भी खोजी। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि डॉ. माला सिंह ठाकुर और एसीपी तुषार सिंह ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे मंच भविष्य के लीडर्स तैयार करते हैं। डॉ. ठाकुर ने कहा, आज का युवा यदि वैश्विक चिंताओं को समझेगा, तभी वह कल का जिम्मेदार नागरिक बनेगा। एसीपी तुषार सिंह ने भी छात्रों के तर्कों और उनकी सक्रिय भागीदारी की सराहना की। :: कॉकस में दिखा कूटनीति का रोमांच :: सम्मेलन का असली रोमांच दूसरे दिन देखने को मिला। जब विभिन्न समितियों के प्रतिनिधियों के बीच अंतरराष्ट्रीय एजेंडे पर बहस छिड़ी, तो सदन मॉडरेटेड और अनमॉडरेटेड कॉकस के बीच झूलता रहा। कहीं तल्ख बहस हुई, तो कहीं आपसी सहमति से गठबंधन बने। प्रतिभागियों ने अपने-अपने देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए समस्याओं की नब्ज टटोली और ठोस प्रस्तावों की नींव रखी। :: किताबों से बाहर निकली कूटनीति :: अंतिम दिन जब प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया गया, तो माहौल में गंभीरता और जिम्मेदारी साफ झलक रही थी। समापन समारोह में मुख्य अतिथि प्रेस्टीज पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल राजेश कुमार ने कहा कि यह अनुभव छात्रों के जीवन में एक मील का पत्थर साबित होगा। फैकल्टी प्रियंका चावला के अनुसार, प्रतिभागियों ने इस दौरान जो कूटनीतिक कौशल सीखा है, वह उन्हें भविष्य में हर क्षेत्र में सफलता दिलाएगा। इस शानदार आयोजन की सफलता पर संस्थान के चांसलर डॉ. डेविश जैन, निदेशक कर्नल डॉ. एस. रमन अय्यर एवं डीन डॉ. नितिन जैन ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने आयोजन की कमान संभालने वाली टीम- डॉ. चित्रा जोशी, डॉ. प्रियांका कौर, डॉ. सौरभ सिंह और प्रियंका माथुर की मेहनत को सराहा। प्रकाश/25 अप्रैल 2026