राज्य
26-Apr-2026


:: मृतक को घर छोड़ने के बहाने सुनसान स्थान पर ले जाकर दिया वारदात को अंजाम, सीसीटीवी फुटेज से सुलझी गुत्थी :: इंदौर (ईएमएस)। लसुड़िया थाना क्षेत्र में शराब पिलाने की जिद को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति की सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए आरोपी प्रमोद वैद्य को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने मृतक को घर छोड़ने के बहाने सुनसान स्थान पर ले जाकर पत्थर से वार कर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार स्कीम नंबर 136 के हरसिंगार परिसर के सामने स्थित गार्डन के पास 17 अप्रैल को 51 वर्षीय कड़वा पिता राजाराम दांगोड़े का शव मिला था। मृतक के सिर पर चोट के गंभीर निशान थे। घटनास्थल सुनसान होने के कारण वहां कोई प्रत्यक्षदर्शी या सीसीटीवी नहीं थे, जिससे पुलिस के लिए यह एक चुनौतीपूर्ण मामला था। पुलिस ने मृतक की दिनचर्या की जांच शुरू की और पाया कि वह एमआर-10 स्थित ढाबों पर मजदूरी करता था। पुलिस ने एमआर-10 स्थित शराब दुकान के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति मृतक को अपनी मोटरसाइकिल पर बिठाकर ले जाते हुए दिखाई दिया। फुटेज में मिले हुलिए के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की तलाश की और आरोपी प्रमोद वैद्य को निरंजनपुर मंडी के पास से धरदबोचा। पूछताछ में आरोपी प्रमोद ने बताया कि 16 अप्रैल की रात को वह शराब दुकान से शराब खरीदकर ले जा रहा था, तभी कड़वा उसे मिला और शराब पिलाने की जिद करने लगा। इसी बात पर दोनों के बीच गाली-गलौज हो गई। रंजिश के चलते उसने कड़वा को घर छोड़ने के बहाने बाइक पर बिठाया और हरसिंगार परिसर के पास ले जाकर उसे नीचे गिरा दिया। इसके बाद आरोपी ने पास ही पड़े ब्लॉक से मृतक के सिर पर तीन-चार वार कर उसकी जान ले ली। इस चुनौतीपूर्ण मामले को सुलझाने में थाना प्रभारी तारेश सोनी, उप निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह ठाकुर, कैलाश मास्कोले, प्रधान आरक्षक नीरज रघुवंशी, रविन्द्र सिंह कुशवाह, आरक्षक आनंद जाट, दिनेश गुर्जर, हेमराज सिलोटे, आकाश तथा साइबर सेल जोन-2 के आरक्षक प्रवीण सिंह चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर मामले की विस्तृत पूछताछ कर रही है। प्रकाश/26 अप्रैल 2026